फोटो 29- चोरी की वारदात के बाद जांच करते पुलिस कर्मी। संवाद
गोहाना। सिविल रोड स्थित पालिका मार्केट के पास चोरों ने छत पर लगे दरवाजे को तोड़कर चार दुकानों में चोरी कर ली। चोर दुकानों से नकदी, मोबाइल और अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने सीसीटीवी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और दुकानदारों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पालिका मार्केट के निकट चोरों ने जिंदल किताब घर, मोबाइल हब, गुरुकृपा टेलीकॉम और भारत रंगीन फोटो स्टेट की दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। जगमंद्र दास के अनुसार सोमवार सुबह वे अपनी जिंदल किताब घर के नाम से बनी दुकान पर पहुंचे तो शटर पर ताला लगा था। अंदर गए तो सामान अस्त-व्यस्त था। दुकान के गल्ले से लगभग 6 हजार रुपये चोरी किए गए थे। अजय कुमार ने बताया कि उसकी दुकान मोबाइल हब के गल्ले से लगभग 25 हजार रुपये चोरी मिले। चोरों ने मोबाइल उठाकर काउंटर पर रख दिए। सुबह मोबाइल काउंटर पर रखे मिले, लेकिन गल्ला खाली मिला। हैप्पी ने बताया कि चोर उनकी दुकान गुरुकृपा टेलीकॉम से मोबाइल और एसेसरीज चोरी कर ले गए। दुकानदार बिजेंद्र कुमार की दुकान भारत फोटोस्टेट से लगभग 4 हजार रुपये चोरी किए गए हैं।
दुकानदारों की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इंस्पेक्टर नीरज कुमार, शहर थाना प्रभारी, गोहाना