हरियाणा के सोनीपत में गांव भिगान के पास स्थित एक होटल में एक जनवरी की रात पार्टी करने आए युवकों ने शराब पीने से रोकने पर जमकर हंगामा किया। बाउंसर के विरोध जताने पर पहले तो युवक वहां से चले गए। बाद में तड़के करीब तीन बजे कुछ अन्य युवकों के साथ वहां पहुंचे और होटल में तोड़फोड़ की। इसके बाद कैशियर के पैर में गोली मार दी। पुलिस ने अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर लिया है।
गांव सांदल कलां निवासी बिजेंद्र मुरथल के गांव भिगान स्थित पानीपत-दिल्ली लेन के हवेली होटल में कैशियर हे। बिजेंद्र ने पुलिस में दर्ज कराए केस में कहा है कि एक जनवरी की रात करीब साढ़े 11 बजे तीन युवक व दो युवतियां आईं। उनमें से एक युवक बीयर पी रहा था। बीयर पीने से रोकने पर उसने बाउंसर से बहस शुरू कर दी।
उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो वह राजस्थान नंबर की कार में बैठकर भाग गए थे। इसके कुछ घंटे बाद तड़के 2 बजकर 53 मिनट पर तीन युवक अपने तीन-चार अन्य साथियो के साथ होटल पहुंचे। उन्होंने आते ही ईंट व पत्थर उठाकर होटल में तोड़फोड़ की। इसी बीच एक युवक ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। गोली बिजेंद्र के पैर में लगी। इसके बाद हमलावर भाग गए। हमले में घायल बिजेंद्र को मुरथल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
होटल में आकर हंगामा करने व गोली मारने की शिकायत मिली है। इस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द हमलावरों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। -जसपाल सिंह, थाना प्रभारी, मुरथल