संवाद न्यूज एजेंसी
राई। गांव मुकीनपुर के युवक का शव फंदे से लटका मिला है। युवक के परिजनों ने उसकी पत्नी व ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। आरोप है कि पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद से उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। पुलिस ने चार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव मुकीमपुर निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उनका छोटा भाई बिजेंद्र निजी कंपनी में कार्यरत था। उनकी 9 दिसंबर 2020 को राई थाना क्षेत्र के गांव में शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी में विवाद रहता था। आरोप है कि पत्नी बिजेंद्र को परेशान करती रही। उसकी साली, जीजा और ससुर भी उनके भाई को धमकी देते थे।
6 अप्रैल को उसके भाई की पत्नी किसी परिचित के साथ चली गई। उसके लापता होने का मुकदमा दर्ज कराया गया। बाद में पता लगा कि परिचित संग मेवात में रह रही है। इसकी जानकारी युवती के परिवार को लगी तो वह बिजेंद्र को परेशान करने लगे। इससे तंग आकर उनके भाई ने शनिवार को बाथरूम में गार्डर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर चार के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज किया है।