सोनीपत। सेक्टर-15 स्थित विधायक सुरेंद्र पंवार के घर में घुसकर एक युवक ने उनके कुक और सहयोगी की पिटाई कर दी। आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के समय विधायक का परिवार घर पर नहीं था। पुलिस ने मामले में मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से नेपाल निवासी रामू ने बताया कि वह विधायक सुरेंद्र पंवार के घर खाना बनाने का काम करते हैं। वह सोमवार की रात करीब 11:30 बजे रसोई में काम कर रहे थे। इस दौरान विधायक का परिवार घर पर नहीं था। वहीं, सुरक्षा कर्मी भी मौजूद नहीं थे। इसी दौरान दरवाजा खोल कर एक युवक अंदर घुस आया। जब उन्होंने और सहयोगी अनिल ने विरोध किया तो आरोपी ने उनको थप्पड़ और मुक्के मारे। शोर मचाने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद रामू ने मामले से विधायक के परिवार को अवगत कराया। आसपास के लोग सहायता के लिए पहुंचे। वहीं, मामले की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। जांच की तो युवक की पहचान सेक्टर-15 निवासी हिमांशु के रूप में हुई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।