गोहाना । न्यू कोर्ट रोड पर युवक की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या थी। युवक की 11 जून, 2021 की रात को संदिग्ध हालात में मौत के बाद पत्नी ने शराब के नशे में गिरने से सिर में चोट लगने के कारण मौत होने का बयान दर्ज करवाया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था। अब विसरा रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने हत्या व षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सदर थाना गोहाना में नियुक्त एसआई सुखबीर सिंह ने सदर थाना पुलिस को बताया कि 11 जून, 2021 की देर रात खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल से सूचना मिली थी कि मूलरूप से सिकंदरपुर माजरा फिलहाल न्यू कोर्ट रोड गोहाना निवासी रिंकू मृत मिला है। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवार के लोग नहीं मिले। 12 जून को पुलिस अस्पताल गई तो रिंकू की पत्नी पूनम व परिजन मिले। पूनम ने बताया कि वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बागपत के गांव सिंघावली की रहने वाली है। उसकी शादी रिंकू के साथ हुई थी। उनका एक बेटा और एक बेटी है। उनके पति शराब पीने के आदी थे। उन्होंने 11 जून, 2021 की रात को भी शराब पी रखी थी। वह उनसे अलग रह रहे अपने माता-पिता के घर गए थे। जिस पर वह रात 10 बजे अपने पति को लेकर घर आ रही थी तो वह घर के पास गली में गिर गए थे। जिससे उनके सिर में चोट लग गई थी। उन्हें खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आए तो चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में 12 जून को निवारक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा दिया था। मृतक के पिता विष्णु दत्त और मां सावित्री ने भी गिरने से मौत की ताकीद की थी। अब विसरा रिपोर्ट व पैथोलॉजी रिपोर्ट मधुबन व खानपुर से ली गई तो विसरा रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की पुष्टि की गई है। पुलिस ने अब एसआई सुखबीर के बयान पर हत्या व षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवक की मौत के मामले में विसरा रिपोर्ट में हत्या का पता लगा। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। -वजीर सिंह, थाना प्रभारी, सदर गोहाना