संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। चुनावी प्रक्रिया व आचार संहिता हटने के बाद पेंशन बनवाने का इंतजार कर रहे जिले के करीब 3339 पात्र लोगाें का इंतजार खत्म हो चुका है। लघु सचिवालय स्थित समाज कल्याण विभाग ने शेष लोगों की पेंशन संबंधी कागजी कार्यवाही पूरी करने का कार्य शुरू कर दिया है। आचार संहिता हटने व दशहरा अवकाश के बाद 1300 पात्र लोगाें के कागजी कार्य पूरे भी कर लिए गए हैं। अधिकारियों ने शेष लोगों के कार्य जल्द पूरा करने का निर्णय लिया है। जिला में चुनावी प्रक्रिया व आचार संहिता लगने पर करीब 3339 पात्र लोगों की पेंशन का कार्य रुक गया था।
जनवरी से अगस्त तक मुख्यालय ने जिला समाज कल्याण विभाग को विभिन्न श्रेणियों में कुल 14188 पात्र लोगों की पेंशन बनाने का जिम्मा सौंपा था। विभाग ने आचार संहिता लगने से पहले कुल 10849 लोगों के पेंशन संबंधी कागजी कार्य पूरे कर मुख्यालय को सूची सौंप दी है, जबकि 3339 लोगों के कार्य आचार संहिता के चलते लटक गए हैं। विभाग अब हलके के अनुसार लोगों के कागजी कार्य करने में जुट गया है। विभाग ने अपने तीन कर्मचारियों को फील्ड में भी उतारा है। कार्यालय में भी पेंशन संबंधी कागजी कार्य पूरा करने के लिए जोर लगाया जा रहा है, ताकि इन पात्रों को जल्द पेंशन सुविधा का लाभ दिलाया जा सके।
जल्द दो लाख के पार होगा पेंशन लाभार्थियों का आंकड़ा
जिला में फिलहाल 198941 लोग विभिन्न श्रेणियों के तहत पेंशन योजना का लाभ उठा रहे हैं। इनमें 119419 लोगों को वृद्धावस्था भत्ता दिया जा रहा है। आचार संहिता कार्य में रुकावट न बनती तो अब तक शेष 3339 पात्र लोगों को भी पेंशन का लाभ मिल सकता था। अब विभाग ने शेष बचे पात्र लोगाें को पेंशन योजना से जोड़ने के लिए कमर कस ली है। आचार संहिता के बाद 1300 और लोगों के कागजी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। शेष पात्र लोगों को पेंशन मिलने के बाद जिला में लाभार्थियों का आंकड़ा 2 लाख के पार पहुंच जाएगा।
जिला में किस वर्ग में कितने लाभार्थी
श्रेणी कुल लाभार्थी
वृद्धावस्था 119419
दिव्यांग 11318
विधवा-अविवाहित 50176
आर्थिक कमजोर 14172
लाडली 2024
मंगलामुखी 01
बौने 02
मुख्यालय की ओर से जिला समाज कल्याण कार्यालय को विभिन्न श्रेणियों के 14188 पेंशन पात्र लोगों की सूची भेजी गई थी। आचार संहिता के चलते 3339 लोगों के कागजी कार्य अधूरे रह गए थे। शेष पात्र लोगों के कार्य पूरा करवाने के लिए एक सप्ताह का लक्ष्य रखा गया है, ताकि इन्हें भी जल्द पेंशन योजना का लाभ मिल सके।
- रेणु सिसोदिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सोनीपत