सोनीपत। नगर निगम क्षेत्र में प्रॉपर्टी आईडी का सत्यापन करने के लिए निगम की ओर से टीमों का गठन कर दिया गया है। यह टीम उन प्रॉपर्टी आईडी का मिलान करेंगी, जिनका किसी कारणवश सर्वे नहीं हो पाया था। शहर में इस तरह की करीब 23 हजार प्रॉपर्टी आईडी हैं, जो निगम की रिपोर्ट में सत्यापित नहीं है।
याशी कंसल्टेंसी एजेंसी ने निगम क्षेत्र में प्रॉपर्टी आईडी का सर्वे किया था, उससे पहले करीब 1 लाख 52 हजार प्रॉपर्टी आईडी थी। सर्वे के दौरान करीब 1 लाख 78 हजार प्रॉपर्टी आईडी मिली। नगर निगम ने जब अपनी तरफ से मिलान किया तो कई प्रॉपर्टी आईडी नहीं मिली। कई प्रकार की त्रुटियां मिलीं। प्रॉपर्टी आईडी का सत्यापन करने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। टीम लोगों के बीच जाएगी और जो प्रॉपर्टी सत्यापित नहीं हो पाई हैं उनका सत्यापन करेंगी।
निगम ने नवंबर-2022 में टीमों का गठन करते हुए करीब 11 हजार प्रॉपर्टी आईडी का मिलान कराया। जांच के दौरान 23 हजार प्रॉपर्टी आईडी में से जिनका रिकॉर्ड नहीं मिलेगा उसको खत्म कर दिया जाएगा। वहीं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों को प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित कार्यों का 30 अप्रैल तक निपटान करने के निर्देश दिए हैं।
निगम के रिकॉर्ड में जिन प्रॉपर्टी आईडी का डाटा नहीं है, उनका सत्यापन कराया जाएगा। इसको लेकर टीमों का गठन किया है। -राजेंद्र चुघ, क्षेत्रीय कर अधिकारी, नगर निगम