फोटो 30: सोनीपत की इंडियन कॉलोनी में हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी स्पेशल एंटी गैंगस्टर
सोनीपत। एंटी गैंगस्टर यूनिट ने इंडियन कॉलोनी में हुए शिक्षक की मौत प्रकरण में सनसनीखेज खुलासा किया है।
दावा किया है शिक्षक की सामान्य मौत नहीं हुई थी, बल्कि पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को एनेस्थीसिया की ओवरडोज देकर मौत के घाट उतारा था। हत्या का तरीका एक एमबीबीएस डॉक्टर ने बताया था। उसी ने इंजेक्शन उपलब्ध कराया था। पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और एमबीबीएस डॉक्टर को रिमांड पर लिया है। वहीं, नाबालिग बेटी को नारी निकेतन भेजा गया है।
आंवली गांव निवासी चांद सिंह ने 14 मई को सिटी थाने में पुलिस को शिकायत दी थी। कहा था इंडियन कॉलोनी में रहने वाले उसके भाई जेबीटी शिक्षक कृष्ण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। चांद सिंह ने रोहतक के एक गांव निवासी भाई की पत्नी मनीषा, उसके प्रेमी देवेंद्र उर्फ देवा निवासी द्वारिकापुरी, मेरठ उत्तर प्रदेश के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया था।
सख्ती से पूछताछ में टूट गए मनीषा और देवा : स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर अजय धनखड़ ने बताया मामले की जांच उनकी टीम को मिली थी। टीम में शामिल एएसआई पवन कुमार व उनकी टीम ने संदेह होने पर मनीषा और देवेंद्र उर्फ देवा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने हत्या की बात कबूल ली। घटना की रात देवेंद्र उर्फ देवा एनेस्थीसिया इंजेक्शन की ओवरडोज लेकर कृष्ण के घर आया। कृष्ण की नाबालिग बेटी ने घर में घुसने में मदद की। वहां सो रहे कृष्ण को पहले एक इंजेक्शन दिया गया। उसके उठने पर जबरन उसकी नस में इंजेक्शन की ओवरडोज लगा दी। इससे कृष्ण की मौत हो गई थी।