सोनीपत। रातभर चली तेज हवा के कारण जिले में बिजली व्यवस्था बिगड़ गई। लाइन में फाल्ट आने के कारण शहर व कई गांवों में बिजली गुल रही। बिजली निगम कार्यालय में दोपहर तक 569 शिकायतें दर्ज की गईं। लोग हर दो मिनट में केंद्र में फोन कर शिकायत करते रहे।
गर्मी में लोड ज्यादा बढ़ने के कारण अघोषित कट लगने से उपभोक्ता पहले से ही परेशान थे। मंगलवार रात करीब 11 बजे तेज हवा चलने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शहर व ग्रामीण क्षेत्र की बिजली लाइन में फाल्ट आने की वजह से 50 से ज्यादा 11 केवी के फीडर बंद हो गए। जिसके चलते कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। काफी देर तक बिजली नहीं आने पर लोग शिकायत केंद्र में फोन करने शुरू कर दिए। सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो लोगों ने फिर बिजली निगम कार्यालय में फोन करने शुरू कर दिए। बिजली नहीं आने से रोजमर्रा के कार्य प्रभावित रहे।
राठधना रोड के पास मंगलवार रात तेज हवा की वजह से तार टूटने के कारण कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह तक बिजली नहीं आई तो लोगों ने शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने बंदेपुर में पहुंचकर टूटे तार को जोड़ा।
पहली बार एक करोड़ 18 लाख 72 हजार यूनिट बिजली की खपत हुई
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत भी बढ़ गई है। एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोनीपत सर्कल में बिजली की खपत एक करोड़ यूनिट के पार पहुंच चुकी है। सीजन में पहली बार 23 मई को रिकॉर्ड 1 करोड़ 18 लाख 72 हजार यूनिट बिजली की खपत हुई थी। पहले रोजाना सामान्यत: 80 से 90 लाख यूनिट बिजली का खर्च था। बिजली खपत बढ़ने के साथ ही लाइन लॉस भी बढ़ा है।
यूं बढ़ती गई बिजली की खपत
तिथि खपत (यूनिट)
23 मई 1.18 करोड़
22 मई 1.13 करोड़
21 मई 1.02 करोड़
20 मई 1.14 करोड़
19 मई 1.05 करोड़
18 मई 1 करोड़
17 मई 1.08 करोड़
बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जारी किए नंबर
बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए नंबर जारी किए गए है। बिजली से संबंधित शिकायतें दर्ज करने के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर- 1912, 18001801550 पर काॅल कर सकते हैं। इसके अलावा बिजली सुविधा केंद्र में 9315609740, 9355171621, 0130-2244772, 0130-2251420 या व्हाट्सएप नंबर 981596192 पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।
मंगलवार रात में तेज हवा चलने की वजह से कई फीडर की लाइन में फाल्ट आ गया था। जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही। शिकायत मिलने के बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजकर लाइन को ठीक कराया गया। -गीतूराम तंवर, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम, सोनीपत
फोटो 08. लाइन में फाल्ट आने के बाद मरम्मत कार्य में जुटे बिजलीकर्मी। संवाद
फोटो 08. लाइन में फाल्ट आने के बाद मरम्मत कार्य में जुटे बिजलीकर्मी। संवाद