सोनीपत। हादसे में घायल एक सीएनजी पंपकर्मी की जिंदगी लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की भेंट चढ़ गई। साथी तीमारदार घायल को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल लेकर दौड़ते रहे। कहीं बेहतर इलाज की व्यवस्था नहीं थी, तो कहीं स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल पर थे। जिंदगी की उम्मीद लिए साथी उसे एम्स दिल्ली ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सोनीपत के आर्य नगर स्थित पत्थर वाली गली में रहने वाले प्रवीन कुमार ने साथी तीमारदार की मौत के बाद सदर थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कहा है कि श्याम नगर निवासी प्रवीन रोहट के पास स्थित सीएनजी स्टेशन पर काम करता था। बुधवार की रात करीब साढ़े 10 बजे वह ड्यूटी के लिए कालूपुर चुंगी से रोहट सीएनजी पंप पर जा रहा था। हरसाना मोड़ के पास रेत स्टॉक के निकट रोहतक की तरफ से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जब उन्हें हादसे की सूचना मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और अस्पताल लेकर दौड़े।
नागरिक अस्पताल ने रोहतक पीजीआई किया था रेफर
बताया कि हादसे के बाद वे एंबुलेंस का इंतजाम कर घायल प्रवीन को नागरिक अस्पताल ले गए। यहां गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सक ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। आरोप है कि जब प्रवीन को लेकर वे रोहतक पीजीआई पहुंचे तो वहां स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल के चलते इलाज ही नहीं मिला। इसके बाद वे थक हारकर प्रवीन को दिल्ली के एम्स अस्पताल लेकर गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।