सोनीपत/गोहाना। क्षेत्र में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए आदर्श नगर स्थित शहीद मदन लाल धींगरा खेल स्टेडियम में बनाए गया सिंथेटिक ट्रैक महज दो सालों में ही खस्ताहाल हो गया है। ट्रैक कई जगह से उखड़ चुका है। मैदान में शहर व आसपास के सैकड़ों खिलाड़ी सुबह-शाम अभ्यास करने आते हैं।
खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर मैदान उपलब्ध कराने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्ष 2017 में शहर में स्टेडियम तैयार करने की घोषणा की थी। वर्ष 2021 में स्टेडियम तो तैयार कर दिया गया, लेकिन यहां हैंडबॉल, क्रिकेट व बैडमिंटन मैदान बनाने की घोषणा होने के बाद भी इनका निर्माण नहीं हो सका है। नगर परिषद की तरफ से बनाए गए स्टेडियम पर करीब 15 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई थी। स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक के साथ खिलाड़ियों को वाॅलीबॉल मैदान, खो-खो मैदान की सुविधा दी जानी थी। खिलाड़ियों ने कई बार नगर निगम से मांग की है कि स्टेडियम में फुटबॉल मैदान तैयार किया जाए, लेकिन इस दिशा में पहल नहीं हो सकी है। स्टेडियम करीब सात एकड़ जमीन पर बनाया गया है। ट्रैक जगह-जगह से उखड़ने से खिलाड़ियों को अभ्यास में दिक्कत आ रही है। सिंथेटिक ट्रैक की मियाद करीब 8 साल होती है, लेकिन यहां बनाया गया ट्रैक दो-तीन साल में ही खस्ताहालत में पहुंच गया है।
मदन लाल धींगड़ा खेल स्टेडियम में बने सिंथेटिक ट्रैक के कई जगह से उखड़ने की जानकारी मिली है। उसको दुरुस्त कराने के लिए संबंधित कंपनी को कहा गया है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा प्रदान कराने के लिए जल्द ही ट्रैक को ठीक कराया जाएगा।
-नवीन, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद