फोटो :31: सोनीपत के राई स्थित खेलकूद विश्वविद्यालय में बनकर तैयार हुई शूटिंग रेंज। संवाद
सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में प्रदेश की सबसे पहली शूटिंग रेंज तैयार की गई है। 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज के लिए भवन बनाने के बाद अब मशीन और टारगेट लगाए जा रहे हैं। राई में अब 10 मीटर की स्पर्धाओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की जा सकेंगी।
प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर के सैकड़ों निशानेबाज होने के बावजूद अभी तक शूटिंग रेंज की सुविधा नहीं है। जिसके चलते प्रदेश के निशानेबाजों को दिल्ली व अन्य स्थानों पर जाकर अभ्यास करना पड़ता है। इसके अलावा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक कराने की सुविधा नहीं थी। ऐसे में खेल विभाग ने मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय, राई में शूटिंग रेंज बनाने का फैसला लिया था। अब खेलकूद विद्यालय, राई परिसर में ही हरियाणा खेल विवि भी चल रहा है, तो यह शूटिंग रेंज अब विवि के अधीन होगी की गई है। विवि की शूटिंग रेंज को दिल्ली की करणी सिंह शूटिंग रेंज से बड़ा बनाया जा रहा है। दिल्ली की रेंज में जहां 10 मीटर पिस्टल व राइफल के लिए 80 टारगेट लेन हैं तो खेल विवि में 100-120 टारगेट लेन बनाई जा रही हैं। हालांकि 25, 50 मीटर व शॉटगन के लिए विवि की रेंज में सुविधा मिलने में अभी समय लेगा।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी शूटिंग रेंज
खेल विवि में बनाई जा रही शूटिंग रेंज में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शूटिंग रेंज को नई तकनीक से लैस किया जा रहा है। वर्तमान में शूटिंग रेंज में टारगेट लेन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शूटिंग रेंज पूरी तरह कम्प्यूटराइज्ड तकनीक से संचालित होगी।
खेल विवि में 10 मीटर पिस्टल और राइफल शूटिंग के लिए रेंज बनकर तैयार है। दिसंबर तक इसे शुरू कर दिया जाएगा। खेल विवि की रेंज अंतरराष्ट्रीय स्तर की होगी, इससे यहां बड़े खिलाड़ी तैयार किए जा सकेंगे। सभी अत्याधुनिक सुविधा मुहैया कराई जा रही हैं।
अशोक कुमार, कुलपति, हरियाणा खेल विवि, राई