सोनीपत के खरखौदा में विधायक पवन को सम्मानित करते गोशाला प्रतिनिधि। प्रवक्ता
खरखौदा। क्षेत्र की गोशालाओं के सुदृढ़ संचालन और गोवंश संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विधायक पवन खरखौदा ने सोमवार को विभिन्न गोशालाओं को कुल 69 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान सैदपुर गोशाला को 4 लाख 54 हजार, निरथान स्थित नीलगिरी गोशाला को 4 लाख 67 हजार व सिसाना धर्मार्थ गोशाला को 60 लाख 4 हजार रुपये के चेक सौंपे गए। इस अवसर पर धर्मार्थ गोशाला प्रधान रणबीर दहिया ने विधायक को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार गायों की सेवा और संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने राजनीतिक मुद्दों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए नारी शक्ति वंदन बिल पेश किया था लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध कर अपनी मानसिकता जाहिर की।