खरखौदा। शहर के रोहतक मार्ग बाईपास चौक स्थित एक शराब ठेके पर कुछ बदमाश लूट के इरादे से पहुंचे, लेकिन सेल्समैन के विरोध के बाद हवाई फायर कर फरार हो गए। सेल्समैन ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव हरजापुर, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह रोहतक मार्ग बाईपास चौक स्थित शराब ठेके पर बतौर सेल्समैन काम करता है। शुक्रवार की रात को वह ठेके के काउंटर पर बैठा था। तभी एक लड़का आया और बीयर की पेटी की मांग करते हुए 15 सौ रुपये दे दिए। इसी बीच वह ठेके का दरवाजा खोलकर अंदर आने लगा। वह उसे बीयर की पेटी दे ही रहा था कि लड़का हाथापाई करने लगा। विरोध करने पर एक और बदमाश मौके पर पहुंच गया। बदमाशों को देख सेल्समैन ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर अन्य लोग ठेके की तरफ आने तो बदमाश हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। सेल्समैन की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।