सोनीपत। सावन में बारिश की फुहार, पड़ों पर पड़े झूले, घेवर की खुशबू व सखियों संग हंसी-ठिठोली के बीच मन भी हर्षोल्लास से सराबोर होने को बेताब है। भगवान शिव व मां पार्वती की उपासना का पर्व हरियाली तीज 7 अगस्त को मनाया जाएगा। जहां हरियाली तीज की तैयारियां लोग जोर शोर से कर रहे हैं, वहीं बाजारों में रौनक छाने से व्यापारी भी खुश हैं। बाजार में सोमवार को महिलाएं कपड़े व श्रृंगार का सामान खरीदती नजर आई। मिठाई व घेवर की दुकानों पर भी खरीद बढ़ गई है।
सावन के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 7 अगस्त को हरियाली तीज का पर्व मनाया जाएगा। उल्लास व उमंग के इस पर्व में महिलाएं अखंड सुहाग की कामना के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। व्रत के पहले महिलाएं परिधान, गहने व साज-श्रृंगार की तैयारियों में जुट गई हैं। खरीदारों की भीड़ से बाजार गुलजार होने लगे हैं। कच्चे क्वार्टर बाजार में दुकान संचालक राजेश कुमार ने बताया कि बाजार में खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ रही है। मॉडल टाउन स्थित बूटीक संचालक सोनू शर्मा व शालू शर्मा ने बताया कि तीज पर्व को लेकर हरे व पीले रंग के नायरा सूट, धोती-सलवार सूट, फ्रॉक सूट, गाउन, क्रॉक टॉप, रेडिमेड साड़ी, पैंट सूट महिलाओं की पसंद बने हुए हैं।
मावा, ड्राईफ्रूट व केसर पिस्ता घेवर की बढ़ी डिमांड
दुकानदारों की मानें तो चूड़ियां खरीदने व मेहंदी लगवाने के साथ ब्यूटी पार्लर में सजने-संवरने के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। वहीं बेटी के ससुराल में सिंधारा भेजने के लिए लोग मिठाई की खरीदारी में जुटे हैं। तीज पर घेवर व फैनी (फिरनी) मुख्य मिठाई मानी जाती है। बाजार में दोनों की बिक्री काफी बढ़ गई है। घेवर 200 से 680 रुपये किलो तक उपलब्ध है। वहीं फिरनी 250 से 400 रुपये किलो तक मिल रही है। दुकानदार ग्राहकों की मांग पर कई तरह के घेवर बना रहे हैं, इनमें सादा घेवर, दूध घेवर, ड्राईफ्रूट, मावा व केसर पिस्ता घेवर शामिल है। दुकानदारों का कहना है कि बाजारों में छाई रौनक रक्षाबंधन तक रहेगी।
परिघ, शिव व रवि योग में मनाई जाएगी हरियाली तीज
चिटाने वाली माता मंदिर के पुजारी पंडित अमित शौनक ने बताया कि सावन माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरियाली तीज पर्व सुहागिन महिलाओं के लिए खास होता है। महिलाएं वैवाहिक जीवन की खुशहाली व कुंवारी लड़कियां मनचाहे वर की प्राप्ति और विवाह में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए यह व्रत रखती हैं। तृतीया तिथि 6 अगस्त शाम 7:52 बजे प्रारंभ होकर 7 अगस्त रात 10 बजे तक रहेगी, इसलिए यह व्रत 7 अगस्त को किया जाएगा। इस दिन परिघ योग, शिव योग व रवि योग का निर्माण हो रहा है। इन योग में पूजा-अर्चना व व्रत करने से अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होती है, जीवन में समृद्धि व खुशहाली आती है।
यह रहेगा शुभ मुहूर्त
हरियाली तीज पर सुबह 6:00 से 9:00 बजे तक, इसके बाद 10:30 से दोपहर 12:15 बजे और शाम को 4:30 से 6:00 बजे तक शुभ मुहूर्त रहेगा। पौराणिक कथा के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कई वर्षों तक कठोर तपस्या की। उनकी तपस्या व भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें अपनी अर्धांगिनी के रूप में स्वीकार किया, तभी से हरियाली तीज पर्व मनाया जाता है। इस दिन श्रृंगार करने से मां पार्वती प्रसन्न होकर आशीर्वाद प्रदान करती हैं, इसलिए सुहागिन महिलाएं सोलह श्रृंगार कर भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं।