खरखौदा। गांव फरमाणा में चोर घर से नकदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। इस दौरान परिवार के सदस्य आंगन में सो रहे थे। किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह लोग उठे तो घटना की जानकारी हुई।
फरमाणा निवासी कुलदीप ने शिकायत में बताया कि उनकी मिठाई की दुकान वह गांव में बस अड्डा पर है। तीन दिन पहले उनका परिवार रात को घर के आंगन में सो रहा था। रात को चोर उनके घर के दरवाजे की कुंडी खोलकर अंदर घुस आए और अंदर स्टोर में रखी अलमारी में रखी नकदी व आभूषण चुरा ले गए। चोर तीन हजार रुपये की नकदी सहित दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के बालियां, पांच चांदी के सिक्के, हथफूल, चांदी का तागड़ी गुच्छा, अंगूठी, बच्चों के चांद-सूरज चोरी करके ले गए। कुलदीप ने बताया कि सुबह जब वह उठे तो स्टोर में सामान बिखरा मिला। उन्हें पहले अंदेशा हुआ कि किसी परिचित ने वारदात को अंजाम दिया है, लेकिन बाद में पता चला है कि चोर रात को घर के पीछे से छत पर चढ़कर अंदर घुसे और स्टोर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।