सोनीपत। सोनीपत से करीब 1305 किलोमीटर दूर के व्यक्ति से रिश्ता न भाईचारा होते हुए भी रीति-रिवाज से उसका दाह संस्कार किया गया। दरअसल दिल्ली-अंबाला रेललाइन पर 11 अप्रैल को साफियाबाद शिव कॉलोनी के पास ट्रेन से गिरने के कारण झारखंड निवासी नारायण मल्लाह की मौत हो गई थी। परिजनों की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि वह दो गज कफन देने के लिए यहां आने में असमर्थ थे। ऐसे में सेफ इंडिया फाउंडेशन के सदस्यों ने इंसानियत दिखाते हुए सेक्टर-15 स्थित शिव मुक्ति धाम में मृतक का दाह संस्कार किया।
सेफ इंडिया फाउंडेशन के प्रधान संजय सिंगला ने बताया कि झारखंड के व्यक्ति की मौत के बाद राजकीय रेलवे पुलिस थाने से जांच अधिकारी धर्मपाल ने शहर की संस्थाओं से सहयोग की मांग की थी। बुधवार को शहर की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने एकत्रित होकर जीआरपी थाने में अधिकारियों से मुलाकात कर सहयोग का आश्वासन दिया था। जीआरपी ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया था।
संजय सिंगला ने बताया कि बुधवार को जीआरपी की मदद से मृतक के परिजनों को फोन कर आर्थिक मदद के साथ दाह संस्कार करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन उन्होंने आने में असमर्थता जताते हुए सोनीपत में मृतक का दाह संस्कार करने की बात कहीं। सेफ इंडिया फाउंडेशन के सदस्यों ने वीरवार को राजकीय रेलवे पुलिस की मौजूदगी में सेक्टर-15 स्थित शिव मुक्ति धाम में सुबह 11:30 बजे हिंदू रीति-रिवाज से मृतक का दाह संस्कार किया। इस मौके पर जांच अधिकारी धर्मपाल, सेफ इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन वाईके त्यागी, अविनाश सेठी, जन सेवा जाग्रति धाम के प्रधान सरदार मोहन सिंह मनोचा, सड़क सुरक्षा संगठन के संदीप बत्रा, शिव मुक्ति धाम के प्रधान अशोक छाबड़ा, महासचिव भरत कपूर, कार्यकारिणी प्रधान नरेंद्र भूटानी, संरक्षक डॉ. डीएल मल्होत्रा, कोषाध्यक्ष मुकेश खुराना, हरीश जौहर, किशन मिड्ढा व अनिपाल लाकड़ा मौजूद रहे।
परिजनों को फोन पर लाइव दिखाया अंतिम संस्कार
मृतक नारायण मल्लाह के परिजनों ने सोनीपत पहुंचने में आर्थिक तंगी का हवाला दिया था। साथ ही मृतक के पिता को पैरालाइज व भाई की तबीयत भी ज्यादा खराब बताई थी। ऐसे में परिजन सोनीपत नहीं पहुंच पाए। वीरवार को परिजनों व मृतक की पत्नी को अंतिम संस्कार फोन पर लाइव दिखाया गया। अंतिम संस्कार के लिए शिव मुक्ति धाम ने कोई पैसा नहीं लिया, बल्कि दाह संस्कार के लिए लकड़ी, घी व सामग्री भी निशुल्क प्रदान की।
हरिद्वार में किया जाएगा अस्थि विसर्जन
दाह संस्कार के बाद मृतक की अस्थियों का विसर्जन हरिद्वार में किया जाएगा। सेफ इंडिया फाउंडेशन के प्रधान संजय सिंगला ने बताया कि फाउंडेशन के सदस्य 1 मई को मृतक की अस्थियों को हरिद्वार ले जाकर पूजा-पाठ के साथ विसर्जन करेंगे, ताकि मृतक की आत्मा को शांति मिल सके।
जांच अधिकारी को सम्मानित करेगी फाउंडेशन
संजय सिंगला ने बताया कि मामले में जीआरपी के जांच अधिकारी धर्मपाल ने मानवता का परिचय देते हुए निस्वार्थ सेवा करने का काम किया है। साथ ही मृतक के अंतिम संस्कार में 500 रुपये का सहयोग भी दिया है। इसके अलावा उन्होंने बुधवार को सोनीपत स्टेशन पर मिलने वाली दो छोटी बच्चियों निशा व मनीषा को बाल ग्राम राई भिजवाकर सराहनीय कार्य किया है। सेफ इंडिया फाउंडेशन ने निर्णय लिया है कि जल्द ही जांच अधिकारी धर्मपाल को फाउंडेशन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
फोटो 03- सेक्टर-15 स्थित शिवमुक्ति धाम में मृतक का दाह संस्कार करते विभिन्न संस्थाओं के सदस्य व