झज्जर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एग्रीस्टैक फार्मर आईडी बनाने, भूमि के भू-खंडों को फार्मर आईडी से जोड़ने और किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने लघु सचिवालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में एग्रीस्टैक फार्मर आईडी बनाने के कार्य की प्रगति की समीक्षा की और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी किसानों की पहचान और कृषि संबंधी जानकारी को एकीकृत करने की महत्वपूर्ण पहल है। प्रत्येक पात्र किसान की आईडी बनाना और सभी भूमि पार्सल को संबंधित किसान की आईडी से जोड़ना प्राथमिकता से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी और ऑटो म्यूटेशन का उद्देश्य किसानों व आमजन को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं देना है। कृषि विभाग के फील्ड कर्मचारियों के सहयोग से किसानों को आईडी बनवाने और भूमि विवरण जोड़ने में सुविधा दी जाए।