गोहाना। शहर में बरोदा रोड स्थित एफसीआई के गोदाम में गेहूं से भरी बोरियोंं के नीचे एक युवक का शव बरामद हुआ है। बदबू आने के बाद बोरियां हटाई गई तो युवक का शव मिला। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कालेज के अस्पताल भिजवाया गया है।
एफसीआई के गोदाम से कर्मचारी और कामगार गेहूं की बोरियां उठा रहे थे। कर्मचारियों को एक जगह बोरियां पड़ी नजर आई, जहां से बदबू आ रही थी। बोरियों को हटाया गया तो उनके नीचे एक युवक का शव गली-सड़ी हालत में मिला। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। शहर थाना गोहाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के पास एक बोरा भी था, जिसमें आधे हिस्से तक गेहूं भरे हुए थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि युवक गेहूं चोरी के लिए गोदाम में घुसा था और ऊपर से गेहूं की बोरियां गिरने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना दी गई।