पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित एक स्कूल के प्राचार्य का ऑडियो वायरल हो रहा है। जिसमें प्राचार्य व सुरक्षा कंपनी के प्रबंधक की करीब चार मिनट की बातचीत है। इसमें प्राचार्य प्रबंधक से रुपये मांग रहे हैं। ऑडियो में कर्मचारियों के वेतन में से आधा भुगतान देने की बात कही जा रही है। अभिभावकों ने इस ऑडियो को एएसपी को सौंपा है। हालांकि प्राचार्य ने ऑडियो को गलत तथ्य के रूप में प्रस्तुत करने का आरोप लगाया है। अभिभावकों ने स्कूल में प्राचार्य पर आरोप लगाया था कि तैराकी पूल, कुश्ती, कबड्डी, मुक्केबाजी व स्केटिंग के नाम पर फर्जीवाड़ा कर विभिन्न मदों में वसूली की जाती रही। आरोप है कि शिकायत करने वाले अभिभावकों के बच्चों से भेदभाव किया गया। इस बीच एक ऑडियो वायरल हुआ है। जिसमें सुरक्षा कंपनी के प्रबंधक व प्राचार्य दो कर्मचारियों के वेतन से हिस्सा बांटने की बात कह रहे हैं। सुरक्षा प्रबंधक बैठ कर हिसाब करने की बात कह रहा है। अभिभावकों ने ऑडियो को एएसपी उपासना को सौंप दिया है।