गन्नौर। झज्जर के बहादुरगढ़ स्थित ओमेक्स सिटी से स्कॉर्पियो गाड़ी लूटकर भागे दो आरोपियों को गांव लड़सौली के पास से स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को बहादुरगढ़ की सेक्टर-6 थाना पुलिस को सौंप दिया है।
स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सोनीपत को सूचना मिली थी कि दो युवक बहादुरगढ़ स्थित ओमेक्स सिटी से स्कॉर्पियो गाड़ी लूटकर भागे हैं। वह सोनीपत की तरफ आए हैं। जानकारी मिली थी कि गांव बरोणा के अभिषेक की गाड़ी लूटी गई है। इस पर टीम ने नाकाबंदी कर दी। इसी बीच पुलिस को पता लगा कि आरोपी लड़सौली के पास है। उनका पीछा किया गया तो वह गाड़ी को छोड़कर भागने लगे। इस पर टीम ने दोनों को दबोच लिया। उनकी पहचान बहालगढ़ के रोहित व बढ़खालसा के रितिक के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को बहादुरगढ़ पुलिस को सौंप दिया।
सूचना मिली थी कि बहादुरगढ़ से दो युवक स्कॉर्पियो गाड़ी लूटकर भागे हैं। उन्हें लड़सौली के पास से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को बहादुरगढ़ पुलिस को सौंप दिया है।
- इंस्पेक्टर अजय धनखड़, प्रभारी, स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सोनीपत