सोनीपत। चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर घर, आंगनबाड़ी केंद्र को निशाना बनाने के साथ ही कैलाना में पंचायत की तरफ से लगाए सीसीटीवी भी चोरी कर लिये। सिविल लाइन, सदर व गन्नौर थाना पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
कोट मोहल्ले निवासी शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि किसी काम से दिल्ली गए थे। वापस आए तो गेट का ताला टूटा मिला। सामान भी बिखरा पड़ा था। अंदर जाकर जांच की तो दो सोने की अंगूठी, कानों की बालियां व चेन चोरी मिली। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी
गांव तिहाड़ कलां में चोर आंगनबाड़ी केंद्र से सामान चोरी कर ले गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लीलावंती ने पुलिस को बताया कि वह सुबह आंगनबाड़ी केंद्र पर गई तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच की तो 19 कुर्सी और दो प्लास्टिक की मेज चोरी मिली। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
पंचायत के तीन सीसीटीवी चोरी
गन्नौर। कैलाना गांव में पंचायत के तीन सीसीटीवी चोरी हो गए। सरपंच ने चोरी की शिकायत गन्नौर थाना पुलिस को दी है। सरपंच ज्योति ने बताया कि पंचायत की तरफ से गांव में सीसीटीवी लगवाए गए हैं। जिसकी देखरेख के लिए सीसीटीवी का डीवीआर बॉक्स पंचायत भवन में रखा हुआ है। 15 सितंबर की रात को पंचायत के तीन सीसीटीवी चोरी हो गए। उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं लग सका। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है।