फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: बेसहारा गोवंश छीन रहे परिवारों का सहारा

Tue, 29 Aug 2023 01:22 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
सोनीपत में हुडा पार्क के पास बेसहारा घूमता गोवंश। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


सोनीपत। रात को शहर की ज्यादातर सड़कों पर बेसहारा गोवंशों का जमावड़ा लगा रहता है, जो वाहन चालकों के लिए जानलेवा बन रहा है। मार्च 2019 से लेकर इस वर्ष अगस्त महीने तक करीब सात लोगों की जान जा चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। काले या मटियाले रंग के गोवंश तो रात के अंधेरे में दिखाई तक नहीं देते।
सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा गोवंशों को लेकर अभियान चलाने की खानापूर्ति तो खूब होती है, लेकिन जमीनी हकीकत सड़कों पर घूम रहे गोवंशों को देखकर ही समझी जा सकती है। टेंडर होने के बावजूद नगर निगम की ओर से गोवंश पकड़े नहीं जा रहे हैं, जिसका खामियाजा वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।
विज्ञापन


निगम प्रशासन सड़कों पर घूम रहे गोवंशों को पकड़ने के लिए कोई ठोस पहल नहीं कर पा रहा है। रात होते ही गोवंश सड़क पर उतर आता है। कतार में गोवंशों के सड़क पर आने से वाहन चालकों की मुसीबत बढ़ जाती है। उन्हें गोवंशों को हटाने के लिए भी मशक्कत करनी पड़ती है। रात को गोवंश के सड़क पर आने से उससे बचाव करना भी मुसीबत हो जाता है। इससे हादसे लगातार बढ़ रहे और लोग परेशान हैं।
इन सड़कों पर अधिक रहता है गोवंशों का डेरा
शहरवासी अधिकारियों को गोवंश पकड़वाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो पा रही है। शहर के बहालगढ़ रोड, मुरथल रोड, कामी रोड, ओल्ड रोहतक रोड के साथ ही शहर के पॉश इलाके सेक्टर में भी बेसहारा गोवंश सड़कों पर देखे जा सकते हैं। निगम प्रशासन की वजह से गोवंशों की हालत दयनीय हो चुकी है। वह भी चोटिल हो रहे हैं। गोवंशों को लेकर न तो गो सेवा आयोग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है और न ही प्रशासन की ओर से इनको लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

सड़क के बीच बैठ जाते हैं गोवंश

गोवंश रात के समय सड़कों पर बीच में ही बैठ जाते हैं, जिसके कारण वह हादसों का कारण बन रहे हैं। गोवंशों के लिए हरसाना कलां व कुमासपुर में नंदीशाला बना रखी है। निगम अधिकारियों का दावा है कि नंदीशालाएं पूरी तरह फुल हो चुकी है। वहां क्षमता से अधिक गोवंश को रखना मुसीबत बना हुआ है।



नेशनल हाईवे-44 पर भी बैठे रहते हैं गोवंश

नेशनल हाईवे-44 पर भी गोवंश बैठे रहते हैं। ऐसे में हाईवे पर चलने वाले तेज रफ्तार वाहन चालकों को हर समय हादसे का डर सताता रहता है। हाईवे के संपर्क मार्ग पर तो बेसहारा गोवंशों का जमावड़ा ही लगा रहता है।



गोवंशों के कारण हो रहे हादसे, जान भी जा रही
17 अगस्त 2023 को गोहाना रोड बाईपास स्थित फ्लाईओवर के पास बेसहारा पशु को बचाने के प्रयास में बाइक सवार दो भाई सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्रक ने एक भाई को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
-विकास नगर में 25 अक्तूबर, 2022 को एक सांड़ ने सेवानिवृत्त शिक्षक व महिला को घायल कर दिया था।

-अक्तूबर, 2020 में गांव जुआं निवासी अशोक (48) की बाइक सड़क पर लड़ रहे गोवंशों से टकरा गई थी। गोहाना रोड पर गांव गढ़ी ब्राह्मणान के पास हादसे में उनकी जान चली गई थी।
विज्ञापन


- 22 दिसंबर, 2019 को खरखौदा के दिल्ली रोड पर बुजुर्ग सब्जी विक्रेता बलदेव को सांड़ ने पटककर मार दिया था।

-12 दिसंबर, 2019 को जगदीशपुर के रामपाल की सांड़ की चपेट में आकर मौत हुई।

-29 जुलाई, 2019 को गांव सेवली में पूर्व सरपंच राजेंद्र की सांड़ ने टक्कर मार-मारकर जान ले ली थी।

-4 मार्च 2019 को सिक्का काॅलोनी में सीता को सांड़ ने पटककर मार दिया था।

गोवंशों को पकड़ने के लिए टेंडर जारी किया गया है। एजेंसी के माध्यम से गोवंशों को नंदीशालाओं में छोड़ा जा रहा है। सड़कों पर घूम रहे गोवंशों को पकड़ने के लिए धर्मार्थ गोशाला प्रबंधकों से बातचीत जारी है। सहमति बनने पर वहां भी गोवंशों को छुड़वा दिया जाएगा।

- विश्राम मीणा, आयुक्त, नगर निगम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें