सोनीपत। अंसल की सनसाइन काउंटी से बाहर दुकान में कनेक्शन देकर बिजली बेची जा रही थी। बिजली निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए अंसल पर 1.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही निगम की तरफ से भविष्य में ऐसा करने पर बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई है।
बिजली निगम की टीम को जानकारी मिली थी कि सेक्टर-63 स्थित अंसल की सनसाइन काउंटी के बाहर एक दुकान में बिजली का कनेक्शन अवैध रूप से लिया गया है। राई सब डिवीजन के कनिष्ठ अभियंता ने टीम सहित मौके पर छापा मारा तो पाया कि सनसाइन काउंटी से एक केबल लगाकर दुकान में अवैध रूप से बिजली सप्लाई की जा रही थी। यह आपूर्ति सनसाइन काउंटी के बिजली मीटर से हो रही थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए केबल को कब्जे में ले लिया और सनसाइन काउंटी पर एक लाख 60 हजार 612 रुपये का जुर्माना लगाया है।
अंसल की सनसाइन काउंटी के बाहर एक दुकान में केबल के जरिये बिजली आपूर्ति की जा रही रही थी। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। दुकान में सोसाइटी के मीटर से बिजली बेची जा रही थी। कार्रवाई करते हुए अंसल की सनसाइन काउंटी पर जुर्माना लगाया गया है। -देवेश दहिया, एसडीओ, बिजली निगम, राई सब डिवीजन।