फोटो : सोनीपत के गांव डबरपुर निवासी पहलवान सुनील को सम्मानित करते प्रतियोगिता के आयोजक। स्रोत:
गन्नौर। भारतीय कुश्ती महासंघ की ओर से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के डासना में 12 से 14 फरवरी तक आयोजित सीनियर रेसलिंग कप में देशभर से लगभग 550 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया। 13 फरवरी को महिला और पुरुष वर्ग की फ्री स्टाइल स्पर्धाएं आयोजित की गईं जबकि शनिवार को पुरुष वर्ग की फ्री स्टाइल प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। डबरपुर गांव के पहलवान सुनील ने 87 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने पहले मुकाबले में महाराष्ट्र के सोहनबा को 10-0 से हराया। दूसरे मैच में उत्तर प्रदेश के सचिन को 7-2, तीसरे में दिल्ली के अंकित को 5-1 तथा सेमीफाइनल में चंडीगढ़ के मंजीत को 6-2 से पराजित किया। फाइनल में पंजाब के कर्ण को 8-0 से हराकर उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। सुनील इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं। उनका लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।