सोनीपत। सोनाली फोगाट की हत्या के मामले में नामजद उनके पीए सुधीर सांगवान सोनीपत बार एसोसिएशन के सदस्य रहे हैं। बार की सदस्यता शुल्क जमा नहीं कराने के चलते उनका नाम सदस्यता से हटाया गया था।
सुधीर सांगवान सोनीपत जिले के गांव नूरनखेड़ा के रहने वाले हैं। उनका परिवार फिलहाल रोहतक में रहता है। उनकी पत्नी रोहतक में अध्यापन का कार्य करती हैं। वह लंबे समय से सोनीपत बार एसोसिएशन के सदस्य रहे हैं। सोनीपत बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप शर्मा स्वीटी ने बताया कि सुधीर की सदस्यता बार का शुल्क नहीं जमा कराने के चलते काटी गई है। वह लंबे समय तक सोनीपत बार एसोसिएशन का सदस्य रहा। वह लंबे समय से बार में नहीं आ रहा था। बार के पूर्व प्रधान मस्तान शर्मा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2010-2011 में चुनाव लड़ा था। तब सुधीर सांगवान ने बार चुनाव में मतदान किया था।