सोनीपत के गोहाना में युवती की हत्या के बाद कैफे में लगी भीड़।
गोहाना। सिविल रोड स्थित कैफे में सहेली के साथ पार्टी करने आई एक छात्रा की जहर देकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। छात्रा का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को साैंप दिया गया। विसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।
गोहाना क्षेत्र के बननवास गांव के जगन्नाथ ने बताया है कि उसकी तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी 18 वर्षीय रवीना मंगलवार की सुबह गोहाना महाविद्यालय जाने की बात कहकर घर से निकली थी। रवीना महाविद्यालय न जाकर अपनी सहेली के साथ सिविल रोड स्थित कैफे में पार्टी करने चली गई।
कुछ देर बाद तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि इन युवकों ने उसकी बेटी को जहर दे दिया। तबीयत बिगड़ने पर दो युवक छात्रा को बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां चिकित्सकों ने रवीना को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों युवक माैके से भाग निकले। युवकों की पहचान रोहित और सचिन के रूप में हुई है।