फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: पेपर रद्द और केंद्र शिफ्ट होने पर विद्यार्थी ने हाईवे किया जाम

Sat, 18 Mar 2023 12:40 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो 18- कुंडली में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जाम लगाकर नारेबाजी करती छात्राएं। संवाद
विज्ञापन
सोनीपत। नकल के कारण कुंडली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ली गई 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा रद्द करने व परीक्षा केंद्र बदलने से गुस्साए विद्यार्थियों ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 जाम कर दिया। पेपर खत्म होने के बाद विद्यार्थी एकत्रित होकर कुंडली में हाईवे पर पहुंचे और सड़क पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने पेपर रद्द करने व केंद्र शिफ्ट करने का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। विद्यार्थियों परीक्षा केंद्र को यहीं पर रखने की मांग की। विद्यार्थियों के जाम लगाने की सूचना मिलते ही थाना कुंडली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों को समझाकर जाम खुलवाया। करीब 10 मिनट तक लगे जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
विज्ञापन

कुंडली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बोर्ड चेयरमैन डॉ. वीपी यादव ने 15 मार्च को हुए 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर को रद्द कर दिया था और इस परीक्षा केंद्र को सोनीपत शिफ्ट कर दिया था। जिससे विद्यार्थियों में रोष बना हुआ है। शुक्रवार को 12वीं कक्षा के विद्यार्थी समाजशास्त्र विषय का पेपर देने परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। परीक्षा दोपहर 3:30 बजे खत्म हुई। जिसके बाद सभी परीक्षार्थी छात्र व छात्राएं एकत्रित होकर कुंडली स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर पहुंचे और सड़क के बीच में बैठकर जाम लगा दिया। जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। विद्यार्थियों का कहना है कि कुछ नकलचियों की गलती का खामियाजा सभी क्यों भुगतें। हाईवे पर जाम की सूचना पर पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने विद्यार्थियों को समझा-बुझाकर शांत किया और हाईवे से दूर कर उनकी बातें सुनीं। विद्यार्थियों ने पेपर रद्द करने के फैसले को वापस लेने और परीक्षा केंद्र को यहीं रखने की मांग की थी। जिस पर पुलिस ने उनकी मांग को अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद विद्यार्थी घर को लौट गए।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कुंडली में पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। जिस कारण वाहनों का आवागमन पुल से नीचे से ही होता है। दिल्ली-पानीपत लेन पर विद्यार्थियों के जाम लगाने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस के समझाने के बाद ही विद्यार्थियों ने करीब 10 मिनट बाद जाम खोला। इसके बाद ही जाम में फंसे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन

यह है मामला
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. वीपी यादव को शिकायत मिली थी कि 15 मार्च को 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर में कुंडली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जमकर नकल चली है। बोर्ड की चेयरमैन फ्लाइंग ने वीरवार को कुंडली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान टीम ने केंद्र में लगे सीसीटीवी की जांच की, जिसमें परीक्षार्थी सामूहिक नकल करते दिखाई दिए। बोर्ड चेयरमैन डॉ. वीपी यादव ने इस मामले में 12वीं कक्षा का अंग्रेजी विषय का पेपर रद्द कर दिया था। इस मामले में ड्यूटी में कोताही बरतने पर पर्यवेक्षक को कार्यभार मुक्त करते हुए परीक्षा केंद्र को भी सोनीपत शिफ्ट करने के आदेश दिए थे। पेपर रद्द होने व केंद्र शिफ्ट करने से विद्यार्थियों में रोष बना हुआ है।
शांतिपूर्ण तरीके से हुआ समाजशास्त्र विषय का पेपर
शुक्रवार को 12वीं कक्षा का समाजशास्त्र विषय का पेपर हुआ। परीक्षा को लेकर जिले में करीब 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जिन पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हुई। नकल रहित परीक्षा संपन्न करवाने के लिए गठित उड़नदस्ता टीमों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान नकल का कोई मामला सामने नहीं आया। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए कुछ परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप देखने को मिला।
परीक्षा खत्म होने के बाद कुछ विद्यार्थी सड़क पर आ गए थे। जिस कारण कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। विद्यार्थी पेपर रद्द करने व परीक्षा केंद्र शिफ्ट करने से खफा थे। विद्यार्थियों को सड़क से एक तरफ कर समझाकर घर भेज दिया था। -बिजेंद्र कुमार, प्रभारी, थाना कुंडली

फोटो 18- कुंडली में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जाम लगाकर नारेबाजी करती छात्राएं। संवाद

फोटो 18- कुंडली में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जाम लगाकर नारेबाजी करती छात्राएं। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें