सोनीपत। भोड़वाल माजरी स्टेशन के पास नवंबर में होने वाले 77वें अंतरराष्ट्रीय संत निरंकारी समागम को लेकर रेलवे ने यहां जन शताब्दी एक्सप्रेस सहित करीब 18 ट्रेनाें का ठहराव शुरू कर दिया है। भोड़वाल माजरी स्टेशन पर इन सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का 22 नवंबर तक दो मिनट का अस्थायी ठहराव रहेगा।
रेलवे ने करीब एक माह तक समागम को लेकर यहां ट्रेनों के ठहराव का निर्णय लिया है। समागम को लेकर गांव भोड़वाल माजरी में जल्द विभिन्न प्रदेशों की संगत का आवागमन शुरू हो जाएगा। संत निरंकारी मिशन की ओर से भोड़वाल माजरी में 16 से 18 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय संत निरंकारी समागम का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में यहां विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए देशभर के अलग-अलग प्रदेशों से संगत आकर एक माह तक निष्काम भाव से सेवारत रहती है। सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज व निरंकारी राजपिता रमित 6 अक्तूबर को संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल सेवा कार्यों की शुरुआत कर चुके हैं।
तीन दिवसीय समागम में देशभर के प्रदेशों से विभिन्न भाषा, वेशभूषा, जाति-धर्म व संस्कृति का संगम दिखाई देगा। महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गोवा, मध्यप्रदेश, कर्नाटक व तमिलनाडु जैसे राज्यों से संगत समागम में पहुंचेगी। करीब 600 एकड़ में फैले समागम स्थल पर लाखों की तादाद में पहुंचने वाली संगत के लिए अभी से आने-जाने सहित रहने, खाने-पीने व स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं की जाने लगी हैं।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि रेलवे ने समागम को लेकर जन शताब्दी एक्सप्रेस सहित 18 ट्रेनों का भोड़वाल माजरी स्टेशन पर अप-डाउन में अस्थायी ठहराव शुरू किया है। इन एक्सप्रेस ट्रेनों में जम्मू मेल, गीता जयंती, शान-ए-पंजाब, जम्मूतवी, ऊंचाहार, आम्रपाली, पठानकोट, सचखंड, स्वराज, संभलपुर, इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं। ट्रेनाें के ठहराव से यात्रियों को फायदा मिलेगा।