गोहाना। बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता ने एसडीओ से अधिक लाइन लॉस वाले गांवों की सूची मांगी है। कार्यकारी अभियंता का कहना है कि लाइन लॉस को कम करने के लिए बिजली निगम की तरफ से कारगर कदम उठाए जाएंगे। साथ ही लाइन लॉस अधिक होने के कारणों का भी पता लगाया जाएगा।
बिजली निगम ने उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली की सुविधा देने के लिए उपमंडल के अधिकतर गांव को म्हारा गांव जगमग गांव योजना में शामिल किया है और बिजली के मीटरों को घरों से बाहर निकाल दिया है। बावजूद इसके कई गांव में लाइन लॉस कम नहीं हो रहा है। ऐसे गांव में बिजली निगम की नजर है। अब कार्यकारी अभियंता ने एसडीओ से उन गांव की सूची मांगी है जिनका लाइन लॉस अधिक है।
गांव में लगाई जाएगी कनिष्ठ अभियंता की ड्यूटी
जिन गांव का लाइन लॉस अधिक है। उन गांव में कनिष्ठ अभियंता की ड्यूटी लगाई जाएगी। जो दिन व रात के समय गांव पर निगरानी रखेंगे और चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर छापेमारी की जाएगी, ताकि लाइन लॉस को कम किया जा सके।
लाइन लॉस को कम करने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। अधिक लाइन लॉस वाले गांवों की सूची मांगी गई है। जिन गांव में लाइन लॉस अधिक है, उन गांव पर फोकस किया जाएगा और लाइन लॉस को कम करने के प्रयास किए जाएंगे। -धर्मबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम, गोहाना।