सोनीपत। रेलवे स्टेशन पर स्वचालित सीढि़यों के चलने का इंतजार खत्म होने वाला है। सांसद रमेश कौशिक और दिल्ली मंडल के एडीआरएम अनुपम सिंह अन्य अधिकारियों के साथ वीरवार को सुबह 10 बजे स्वचालित सीढि़यों का उद्घाटन कर यात्रियों को समर्पित करेंगे।
दिल्ली मंडल के सीनियर सेक्शन इंजीनियर उर्वेश व नरेश कुमार ने बुधवार को अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उद्घाटन कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। सोनीपत स्टेशन पर 3.84 करोड़ रुपये के बजट में पांच स्वचालित सीढि़यों का लगाने का प्रस्ताव है। दो स्वचालित सीढि़यां प्लेटफार्म नंबर एक पर तैयार हैं। प्लेटफार्म नंबर एक पर लगाई गई स्वचालित सीढि़यों का करीब 10 दिन से ट्रायल चल रहा था। स्वचालित सीढि़यों का करीब 24-24 घंटे का ट्रायल लिया गया। उद्घाटन के बाद यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वालों को सीढि़यां चढ़ने के झंझट से छुटकारा मिल सकेगा। खासकर बुजुर्ग व महिला यात्रियों को भारी भरकम बैग लेकर सीढि़यों पर नहीं चढ़ना पड़ेगा। अब प्लेटफॉर्म नंबर दो, तीन के साथ दूसरे प्रवेश द्वार पर स्वचालित सीढि़यां लगाई जाएंगी। इस कार्य को रेलवे ने वर्ष 2023-24 में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
सतर्कता व सुरक्षा भी जरूरी
रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा व सतर्कता के लिए स्वचालित सीढि़यों के साथ जागरूकता संबंधी बोर्ड लगाया है। जिसमें स्वचालित सीढि़यों का इस्तेमाल करने, बचाव व सुरक्षा के नियमों से अवगत करवाया गया है। साथ ही अनहोनी के समय तुरंत लाल बटन दबाने के संकेत दिए गए हैं।
सोनीपत स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर लगाई गई स्वचालित सीढि़यों का काम पूरा होने के बाद ट्रायल सफल रहा है। सांसद रमेश कौशिक व दिल्ली मंडल के एडीआरएम अनुपम सिंह वीरवार को स्वचालित सीढि़यों का उद्घाटन करेंगे। -अजय माइकल, जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे