सोनीपत। स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) व पुलिस टीम ने गोहाना रोड बाईपास पर लगाए गए नाके पर वाहनों की जांच करते हुए क्रेटा गाड़ी से 50 लाख रुपये बरामद किए हैं। इसकी जानकारी आयकर विभाग की टीम को देने के साथ ही नकदी को कब्जे में लेकर ट्रेजरी में जमा करवा दिया गया है। इससे पहले भी एसएसटी की तरफ से वाहनों की जांच करते हुए 50 लाख रुपये पकड़े जा चुके हैं।
आदर्श आचार संहिता का पालन करवाने के लिए प्रशासन की तरफ से जगह-जगह नाके लगाकर 42 एसएसटी टीमों को जांच के लिए तैनात किया गया है। यह टीम वाहनों की जांच करते हुए नकदी को अवैध रूप से लाने व ले जाने से रोकती है। शुक्रवार को एसएसटी की एक टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट दिलबाग सिंह के मार्गदर्शन व सिटी थाना में नियुक्त एएसआई बिजेंद्र के नेतृत्व में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान शहर की तरफ से एक क्रेटा गाड़ी आती दिखाई दी। इसे टीम ने नाके पर जांच करने के लिए रोक लिया। टीम ने बैग की जांच कराने को कहा तो कार सवार युवक व चालक आनाकानी करने लगे।
इस पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने सुपरवाइजर को अवगत कराया। इसके बाद वीडियोग्राफी कराते हुए जांच की। बैग के अंदर से 50 लाख रुपये की नकदी मिली। कार सवार ने अपनी पहचान जींद की बक्शी कॉलोनी निवासी सुरेंद्र के रूप में दी। जब नकदी से संबंधित पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि यह राशि वह उत्तर प्रदेश के नोएडा से लेकर आए हैं। यह राशि प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए लेकर आए हैं। वह जींद जा रहे थे। वह नकदी लेकर आने को लेकर कोई कागजात नहीं दे सके। मामले की सूचना आयकर विभाग को दी गई। टीम ने नकदी को अपने कब्जे में लेते हुए इसे ट्रेजरी में जमा करवाया है।
31 हजार लीटर शराब तथा 50 लाख रुपये पहले हुए बरामद
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि जिला में बनाए गए 21 नाकों पर पुलिस बल तथा 42 एसएसटी टीमें गठित की गई हैं। एसएसटी टीम 31 हजार लीटर शराब तथा 50 लाख अवैध नकदी पहले पकड़ी चुकी है।
- गोहाना रोड बाईपास पर गाड़ी की जांच के दौरान 50 लाख रुपये मिले हैं। वह कार सवार नकदी लेकर जाने को कोई कागजात नहीं दे सके। नकदी को ट्रेजरी में जमा करा दिया है। अब पुलिस व आयकर विभाग की टीम इसकी जांच करेगी।
- दिलबाग सिंह, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, एसएसटी नाका-3