सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर बहालगढ़ के पास अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में ब्यूटी पार्लर संचालिका की मौत हो गई जबकि उसकी सहेली घायल हो गई। हादसे के समय मृतका का परिचित युवक बाइक को तेज गति से चला रहा था। युवती की मां के बयान पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तरी पूर्वी दिल्ली स्थित न्यू मुस्तफाबाद के जियाउद्दीन पुर निवासी मेहरूनिसा ने बताया कि उनकी मंझली बेटी अनम (21) ब्यूटी पार्लर का काम करती थी। बेटी ने रविवार देर शाम बताया था कि वह साथी दिल्ली के बुराड़ी निवासी जयंत चौधरी और अपनी सहेली शैली के साथ मुरथल ढाबे पर खाना खाने जाएंगे। फिर बेटी ने बताया था कि वह और उसकी सहेली शैली साथी जतिन की बाइक पर जा रहे हैं। बेटी ने बताया था कि जतिन बाइक तेज गति से चला रहा है। सोमवार को उन्हें सूचना मिली कि मुरथल से वापस दिल्ली आते समय जतिन की बाइक बहालगढ़ में जीटी रोड पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उसकी बेटी अनम की मौत हो गई और शैली घायल हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।