सोनीपत। एनएच-44 के पास गांव कुमासपुर के सामने स्थित एल्डिको काउंटी में रहने वाली शिक्षिका के बैंक खाते से 10 माह के दौरान 22 बार में 1.88 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। शिक्षिका ने 6 मार्च को अपनी ई-पासबुक की जांच की तो 1 मार्च को 10 हजार रुपये निकाले जाने का पता लगा था। जब शिक्षिका बैंक में शिकायत करने गई तो वहां 1.88 लाख रुपये निकालने की जानकारी मिल सकी। राशि 22 बार में गोहाना के एटीएम से निकाली गई है। शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुमासपुर के सामने एल्डिको काउंटी में रहने वाली उषा मान ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह कबीरपुर स्थित राजकीय स्कूल में शिक्षिका हैं। उनका वेतन सोनीपत के अग्रसेन चौक के पास केनरा बैंक की शाखा में है। बैंक से उसने डेबिट कार्ड जारी करवा रखा है। शिक्षिका ने बताया कि फरवरी माह में अपने मोबाइल में ई-पासबुक डाउनलोड की थी। उसने 6 मार्च को ई-पासबुक की जांच की खाते से 1 मार्च को 10 हजार रुपये निकाले जाने का पता लगा। पैसे गोहाना के समता चौक के पास स्थित एटीएम से निकाले गए थे। उनके परिवार का कोई सदस्य गोहाना नहीं गया और न ही वहां उनका कोई रिश्तेदार रहता है। ऐसे में उस शक हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। उषा मान ने बताया कि वह शिकायत देने 7 मार्च को बैंक शाखा में गई थी। वहां खाते की स्टेटमेंट की जांच की तो वह यह देखकर हैरान रह गई कि 7 मई 2021 से लेकर 1 मार्च 2022 तक उसके खाते से 22 बार पैसे निकाले गए। हर बार पैसे समता चौक गोहाना के एटीएम से निकाले गए हैं। उसके खाते से कुल 1 लाख 88 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। जिस पर मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-------
शिक्षिका ने बैंक खाते से नकदी निकालने की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम के सीसीटीवी की फुटेज की जांच करेगी। जिससे खाते से पैसे निकालने वाले का पता लगाया जा सके। एटीएम का क्लोन तैयार कर नकदी निकाले जाने का अंदेशा है। हालांकि पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जल्द आरोपी का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
-इंस्पेक्टर ऋषिकांत, थाना प्रभारी, बहालगढ़