लूट के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ
- फोटो : Amar Ujala
सोनीपत। एसटीएफ सोनीपत की टीम ने लूट के मामले में इनामी दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव बख्तावरपुर के रहने वाले ध्रीरज व दौलत राम है। दोनों पर लूट के मामले में पांच-पांच हजार रुपये का इनाम था । एसटीएफ आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
एसटीएफ प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश देशवाल ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि मुरथल के पास से पिस्तौल के बल पर कार लूटने के आरोपी मुरथल के पास आने वाले है। आरोपियों के खिलाफ गांव कामी के मनोज ने 8 दिसंबर, 2021 को मुकदमा दर्ज कराया था। उसने एसएसपी को शिकायत दी कि 2 नवंबर, 2021 को वह मुरथल में रायल होशियारपुर ढाबे पर कुछ देर के लिए रुका था। इस दौरान वहां पर बख्तावरपुर निवासी धीरज और दौलत उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगाकर उसकी कार छीन ले गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम रखा था। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी हत्या समेत अन्य मुकदमे दर्ज है। सतीश देशवाल ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।