सोनीपत के माहरा में गोदाम में रखी गेहूं की बोरियों पर पानी डालता चौकीदार
- फोटो : Amar Ujala
गेहूं पर पानी डालकर बढ़ा रहे थे वजन, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने मारा छापा मारकर तीन को पकड़ा
-गिरफ्तार चौकीदार बोले एफआई के कहने पर डाल रहे थे पानी, चारों पर मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव माहरा स्थित हैफेड के गोदाम में रखे एफसीआई के गेहूं का वजन बढ़ाने के बोरियों पर पानी का छिडक़ाव किया जा रहा था। मुख्यमत्री उडऩदस्ता की टीम ने देर रात गोदाम पर छापा मारकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किए जाने का खुलासा किया है। डीएसपी अजीत सिंह के निर्देश पर टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार के साथ छापा मार कार्रवाई की। गोदाम में पानी का छिडक़ाव कर रहे दो चौकीदार समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में तीनों चौकीदार, हैफेड के एफआई और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मोहाना पुलिस ने तीनों चौकीदारों को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्यमंत्री उडऩदस्ता रोहतक की टीम में नियुक्त एसआई जयभगवान ने मोहाना थाना पुलिस को बताया वह शनिवार रात को अपने कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि माहरा में हैफेड के गोदाम में रखे एफसीआई के गेहूं को पानी डालकर भिगो दिया जाता है। जिससे सप्लाई के दौरान उसका वजन बढ़ जाता है। महीने में गेहूं को कई बार भिगो दिया जाता है। जिससे गेहूं खराब होकर विषेला हो जाता है। इस गेहूं को आगे वितरित कर दिया जाता है। जिससे महामारी फैलने की आशंका बन जाती है। जिस पर उन्होंने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। जिसके बाद डीसी सोनीपत को मामले की जानकारी देकर नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कराया गया। देर रात टीम ने गोदाम पर छापा मारा। वहां गोदाम का चौकीदार मोहम्मदपुर निवासी दलबीर मिला। अंदर जाकर देखा तो दो अन्य चौकीदार बुटाना निवासी बालकिशन व हसनगंज निवासी बिजेंद्र स्टेग पर रखी गेहूं की बोरियों पर सबमर्सिबल से पानी डाल रहे थे। उन्होंने टीम को बताया कि वह एफआई देवेंद्र ढुल व अन्य अधिकारियों के कहने पर उनके दबाव में आकर उनके आदेश पर पानी डाल रहे थे। जिस पर मोहाना थाना पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस टीम ने एसआई जयभगवान के बयान पर बालकिशन, दलबीर, बिजेंद्र व देवेंद्र सिंह ढुल व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।