सोनीपत में सांसद आवास के बाहर प्रदर्शन करती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
- फोटो : Amar Ujala
सोनीपत। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं ने अपनी मांगों को मनवाने के लिए शनिवार को सांसद आवास पर अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने ढोल व थाली बजाकर सरकार से उनकी मांग पूरी करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर से उनकी मांग को अनदेखा किया जा रहा है। अब वह 14 फरवरी को करनाल में सीएम के आवास का घेराव करेंगी।
इससे पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं अग्रसेन चौक के पास एकत्रित हुई। वहां से ढोल व थाली बजाकर जुलूस निकालते हुए सेक्टर-14 में सांसद रमेश कौशिक आवास के गेट पर पहुंची, लेकिन वहां पर सांसद नहीं मिले। इस पर उन्होंने कहा कि जब तक सरकार की ओर से उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा। सीटू के जिलाध्यक्ष आनंद शर्मा, यूनियन की नेता गीता नागर, ऊषा, सुमन ने बताया कि सरकार की ओर से उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं 8 दिसंबर से लगातार हड़ताल पर है। सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है। उनकी सरकार से मांग है कि उनके खिलाफ दर्ज कराए मुकदमे वापस लिए जाए। काम से हटाई गई कार्यकर्ताओं को वापस लिया जाए। पीएम घोषणा के अनुसार कार्यकर्ता को 1500 रुपये व सहायिका को 750 रुपये मानदेय लागू किया जाए। वर्ष 2018 में सीएम की अध्यक्षता में हुए समझौते अनुसार न्यूनतम वेतन लागू किया जाए। पोषण ट्रैकर बंद किया जाए व कार्यकर्ता से सुपरवाइजर की पदोन्नत पर टेस्ट की शर्त हटाई जाए।