दुकान में चोरी की जानकारी देता दुकानदार
- फोटो : Amar Ujala
सोनीपत। बीसवां मील चौक पर चोरों ने रात को छह दुकानों के ताले तोडक़र हजारों की नकदी और सामान चोरी कर लिया। सुबह दुकानदारों को चोरी का पता लगा। जिस पर राई थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दुकानदारों का आरोप है कि पहले ही कोरोना व बहादुरगढ़ स्टेट हाईवे बीसवां मील चौक से बंद होने के कारण वह परेशान है। चोरी से उन पर दोहरी मार पड़ी है।
दुकानदार संजीत ने बताया कि उन्होंने बीसवां मील चौक के पास कपड़े की दुकान खोल रखी है। बुधवार तडक़े उसके भाई के पास फोन आया कि उनकी दुकान का शटर खुला हुआ है। वह मौके पर पहुंचे तो शटर नीचे से उखाड़ रखा था। चोर दुकान के अंदर से करीब आठ हजार रुपये व हजारों का कपड़ा ले गए। वहीं सुमित की मोबाइल व घड़ी की दुकान से चोर शटर उखाडक़र पुराने फोन, घड़ी व कुछ नकदी चोरी कर ले गए। चोरों ने करीब 20 हजार रुपये का नुकसान किया है। साथ ही नसीम की जूते की दुकान का शटर उखाडक़र चोर करीब सात हजार रुपये की नकदी और 10-12 जोड़ी जूते चोरी कर ले गए। सुबह उन्हें चोरी का पता लगा। वहीं योगेश की मोबाइल की दुकान से चोर 10 हजार से अधिक का सामान चोरी कर ले गए। उधर चोर गिफ्ट शॉप से भी नकदी व सामान ले गए। दुकान संचालक यक्ष ने बताया कि चोरों ने सामान चोरी करने के साथ ही शटर तो उखाड़ दिया। इसे ठीक कराने में ही हजारों का खर्च आएगा। दुकानदारों का आरोप है कि पहले ही बीसवां मील चौक से बहादुरगढ़ हाईवे पर आवागमन को बंद किया गया है। जिससे दुकानदारी पूरी तरह से प्रभावित है। अब चोरी होने से उन पर दोहरी मार पड़ी है।