सोनीपत। कबीरपुर के रहने वाले जेसीबी संचालक को झांसे में लेकर साइबर ठगों ने 90 हजार रुपये निकाल लिए। ठगों ने भुगतान के नाम पर पीडि़त के पास क्यूआर कोड भेजा था। जिसे स्कैन करते ही राशि निकल गई। पीडि़त ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कबीरपुर के रहने वाले जगन सैनी ने बताया कि उसके पास जेसीबी है। जिसे पर किराए पर भेजकर काम कराता है। उसके पास 27 जनवरी को एक मोबाइल नंबर से कॉल आई थी। उसने कहा था कि उन्हें सीआरपीएफ कैंप में जेसीबी से काम कराना है। उसकी जेसीबी पहले भी सीआरपीएफ कैंप में जाती रहती थी। जिसके चलते उसने जेसीबी को 28 जनवरी को ऑपरेटर रहीश को देकर भेज दिया। जब उसका ऑपरेटर सीआरपीएफ कैंप के पास पहुंचा और जिस नंबर से कॉल आई थी उस पर फोन कर बात की। जिस पर कॉल रिसीव करने वाले ने कहा कि कुछ देर कैंप के बाहर रुक जाओ। साथ ही उसने रहीश से कहा कि वह उसके मालिक जगन से बात कर रहा है। उसके कुछ देर बाद एक मोबाइल नंबर से उसके व्हाट्सएप पर मैसेज आया। उसने व्हाट्सएप पर भेजे क्यूआर कोड को स्कैन करने को कहा। उसने क्यूआर कोड स्कैन करते ही खाते में पांच रुपये आ गए। उसके फिर से कोड स्कैन करने पर उसके खाते से 90 हजार रुपये कट गए। तब उसे ठगी का शक हुआ। जगन का आरोप है कि उसके साथ ठगी उसके पास पहले जेसीबी ऑपरेटर का काम करने वाले मुबारक ने की है। उसे पता था कि उसकी जेसीबी सीआरपीएफ कैंप में जाती है। उसने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।