सोनीपत। गांव खानपुर कलां निवासी एक चिकित्सक से दो लोगों ने 20 ही दिन में आयुर्वेद विभाग का चेयरमैन बनाने के नाम पर 50 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि उन्होंने न उसे चेयरमैन बनाया और अब फोन बंद कर रखा है। इसको लेकर उसने एसपी को शिकायत दी। एसपी के आदेश पर शहर थाना पुलिस ने दो नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी को दी शिकायत में गांव खानुपर कलां निवासी डॉ. जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रदीप दीक्षित और चतुर्भुज गर्ग नाम के दो लोगों ने उसे आयुर्वेद का चेयरमैन बनवाने के एवज में 50 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने उसे भरोसा दिलाया कि रुपये देने के 20 दिन में उनका काम बन जाएगा। डॉ. जयप्रकाश के अनुसार बड़ी रकम होने के चलते उसे दिक्कत हो रही थी। इसको लेकर उसने दोनों को बताया भी और एकदम रुपये न देने की बात कही। इस पर दोनों ने कहा कि 25 लाख रुपये दो दिन मे दे देना और बाकी रुपये 20 दिन तक दे देना। वह इसके लिए सहमत हो गया। इसके बाद उसने परिवार वालों से बात करके मित्रों, रिश्तेदारों से किसी तरह से 25 लाख रुपये का का इंतजाम किया।
डॉ. जयप्रकाश क अनुसार प्रदीप दीक्षित और चतुर्भुज गर्ग दो दिन बाद गोहाना में आकर 25 लाख रुपये नकद लेकर चले गये। इसके 15 दिन बाद दोनों ने उसे फिर से फोन किया कि रुपये का इंतजाम करने और उनका काम जल्दी करवाने की बात कही। इस पर उसने बाकी के 25 लाख रुपये अपने एक साथी पवन से उधार लिए। आरोपियों ने उसे रुपये लेकर गोहाना आने की बात कही। दोनों ने उसे बताया कि उन्होंने रुपये अपने दोस्त प्रवीन वत्स गुरुग्राम स्थित कार्यालय में लेकर जाने हैं। इसके बाद उसने दोनों को 25 लाख रुपये दे दिए। डॉ. जयप्रकाश का कहना है कि 25 दिन बीत जाने के बाद जब उसने प्रदीप दीक्षित और चतुर्भुज गर्ग से फोन पर बात करनी चाही तो दोनों के फोन बंद मिले। उसे गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। इस पर उसने अखबार में खबर भी पढ़ी कि प्रदीप दीक्षित और चतुर्भुज गर्ग ने किसी एक अन्य व्यक्ति को भी ठगी का की है। इस पर उसने एसपी को शिकायत दी। एसपी के आदेश पर शहर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।