सोनीपत। रोहतक-पानीपत हाईवे पर गोहाना बाईपास के नजदीक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस पर शहर थाना पुलिस ने मृतक के भतीजे की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव माहरा निवासी बंटी ने पुलिस को बताया कि 23 जनवरी को उसका चाचा अमित कुमार (36) अपनी बाइक पर सवार होकर गांव सैनीपुरा में ड्यूटी पर जा रहा था। जब वह रोहतक-पानीपत हाईवे पर गोहाना बाईपास के नजदीक उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे अमित की बाइक सड़क किनारे लगी एंगल से जा टकराई और वह नीचे गिर गया। इस हादसे में उसके चाचा को काफी चोटें आईं। इस पर उन्होंने अपने चाचा को बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया, वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।