गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को लेकर बढ़ाई सुरक्षा, 19 नाके लगाए
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस कर्मी आने-जाने वालों पर निगरानी रखे हुए हैं। एसपी ने 2100 पुलिस कर्मियों को सुरक्षा में लगा दिया है। विभिन्न चौक-चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर तैनात पुलिस कर्मचारी व्यवस्था पर बराबर नजर रखे हुए हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी करते हुए जिले की सीमाओं को भी पूरी तरह सील कर दिया गया। बैरिकेड लगाकर जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों की गहनता से जांच की जा रही थी। रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर भी पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया है। पुलिस प्रवक्ता जगजीत सिंह ने बताया कि एसपी राहुल शर्मा ने गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा को लेकर विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ ही किराएदार व विदेशियों की भी जांच करने को कहा है। पुलिस ने सुरक्षा को बेहतर करने के लिए 2100 जवानों को नियुक्त किया गया है। विभिन्न चौक-चौराहों पर 13 अतिरिक्त पुलिस नाके लगाए हैं। जिससे नाकों की संख्या 19 हो गई है। 31 पीसीआर व 71 राइडर को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। सोनीपत शहर के साथ ही खंड स्तर पर गन्नौर, गोहाना, खरखौदा में डीएसपी स्तर के अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।