किसान की हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। बरोदा थाना पुलिस ने गांव निजामपुर-भावड़ के बीच शराब ठेका परिसर में किसान की हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जगदेव गांव निजामपुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करके चार दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव निजामपुर निवासी परविंद्र खेतीबाड़ी करता था। 30 जून, 2021 की शाम को गांव से भावड़ के बीच नहर के निकट शराब ठेके पर गया था। जब वह ठेके से मजदूरों के लिए शराब लेकर चलने लगा तो इसी दौरान कार सवार दो हमलावर मौके पर पहुंचे। उन्होंने परविंद्र को रोक लिया और फायर कर दिया था। उन्होंने एक गोली परविंद्र के सिर और दूसरी उसके सीने में मार दी थी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई थी। इस पर पुलिस ने गांव के ही आरोपी जगदेव समेत दो पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब इस मामले में पुलिस ने आरोपी जगदेव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे रिमांड अवधि में पूछताछ कर रही है।