नियम 134ए : जिन बच्चों के दाखिल हुए, अब उनके आय प्रमाणपत्रों की होगी दोबारा जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। नियम 134ए के तहत दाखिला न होने से 985 विद्यार्थी अभिभावकों के साथ रोजाना सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षा विभाग ने इनका दाखिला सुनिश्चित करवाने की बजाए उन विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जिनका दाखिला सुनिश्चित हो गया है। मुख्यालय ने नियम 134ए के तहत दाखिला लेने वाले सभी विद्यार्थियों के आय प्रमाणपत्रों की दोबारा जांच करने के आदेश दिए हैं। प्रमाणपत्रों में किसी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर उन विद्यार्थियों का दाखिला निरस्त किया जाएगा।
नियम 134ए के तहत मूल्यांकन परीक्षा का परिणाम 16 दिसंबर को घोषित किया गया था। इसके साथ ही पहला ड्रा जारी करते हुए 2544 विद्यार्थियों को स्कूल भी अलॉट कर दिए थे। सभी पात्र विद्यार्थियों को अलॉट स्कूल में 24 दिसंबर तक उपस्थिति दर्ज करवाने के आदेश दिए गए, लेकिन निजी विद्यालयों ने दाखिला देने से मना कर दिया। शिक्षा विभाग ने तीन बार अंतिम तिथि बढ़ाई, लेकिन निजी स्कूल दाखिला देने पर राजी नहीं हुए। शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों की मांग पर उनकी प्रतिपूर्ति भी जारी कर दी, लेकिन निजी स्कूलों की मनमानी जारी रही। शिक्षा विभाग की कार्रवाई महज कारण बताओ नोटिस जारी करने तक सीमित होकर रह गई। बच्चों का दाखिला न होने से अभिभावकों में रोष बना हुआ है। गुस्साए अभिभावकों का कहना है कि नियमों की अवमानना करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सरकार व शिक्षा विभाग बच्चों का भविष्य खराब करने पर उतारू है। यही कारण है कि अब जिन विद्यार्थियों का इस नियम के तहत दाखिला हो चुका है, उनके आय प्रमाणपत्रों की जांच करने के आदेश दे रहा है। अभिभावकों ने कहा कि बच्चों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे। सभी बच्चों के दाखिले सुनिश्चित करवाने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।