सोनीपत। जटवाड़ा निवासी डेयरी संचालक के घर में घुसकर चोर लाखों के आभूषण, नकदी व मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। पीडि़त परिवार को जब इसका पता लगा तो उन्होंने अपने स्तर पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जटवाड़ा निवासी विक्रम ने पुलिस को बताया कि वह दूध की डेयरी चलाता है। उसने बताया कि 11 जनवरी की रात को वह तथा उसका भाई विशाल अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। 12 जनवरी को जब उसकी पत्नी सुबह उठकर दूसरे कमरे में गई तो वहां रखी अलमारी से कपड़े बिखरे मिले। अलमारी कर लॉकर खुला था। जिस पर उसकी पत्नी ने उसे अवगत कराया। जब अलमारी की जांच की तो उसमें से सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, सोने की चार अंगूठी, चांदी की दो जोड़ी पाजेब व 45 हजार रुपये चोरी मिले। उसका मोबाइल फोन भी चोरी किया गया था। उसने बताया कि अलमारी व घर के सभी ताले ठीक थे। किसी को तोड़ा नहीं गया था। साथ ही दूसरी अलमारी में रखे 20 हजार रुपये भी उसमें रखे थे। उन्होंने अपने स्तर पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। जिस पर अब सिविल लाइन थाना की ओल्ड चौकी पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल सकती है।
---------------------
जटवाड़ा के रहने वाले डेयरी संचालक ने चोरी की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों का पता लगाकर जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
इंस्पेक्टर सवित कुमार, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत