सोनीपत। शहर के ओल्ड डीसी रोड स्थित आनंद सिनेमा के पास मिष्ठान भंडार पर मिठाई लेने आए युवक ने कार सवार दो युवकों पर उसके साथ मारपीट करने व उसकी सोने की चेन और मोबाइल लूटकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच में सामने आया है कि गाड़ी टच होने के बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था।
गांव राठधना के रहने वाले कृष्ण ने पुलिस को बताया कि वह वीरवार दोपहर को मिठाई लेने आनंद सिनेमा के पास मिष्ठान भंडार पर गया था। जब वह मिठाई लेकर अपनी कार को मोडऩे लगा तो दो युवक अपनी कार लेकर उसके सामने आ गए और गाली-गलौज करने लगे। इतना ही नहीं युवकों ने उसे कार के अंदर बैठे-बैठे ही पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने उसे कार से उतारकर फिर से पीटा और उसके गले से सोने की चेन और उसका मोबाइल फोन छीनकर कबीरपुर की तरफ फरार हो गए। साथ ही भागते हुए उसे धमकी दी कि पुलिस को शिकायत दी तो जान से मार देंगे। जिस पर वह डर के चलते अपने घर चला गया। उसने डर के चलते काफी देर बाद मामले से परिवार को अवगत कराया। जिस पर उसके परिजन उसे लेकर थाने में आए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कृष्ण के बयान पर लूट व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर दिया है।
-----------------
मिष्ठान भंडार पर आए युवक ने मारपीट कर सोने की चेन व मोबाइल लूटने की शिकायत दी है। मुकदमा दर्ज कर शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों की गाड़ी टच होने के बाद झगड़ा हुआ था। मामले की गहनता से जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर सवित कुमार, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत