सोनीपत। गोहाना शहर के प्रेम नगर में आठ लोगों ने घर में घुसकर दंपती पर हमला बोल दिया। आरोप है कि एक आरोपी ने व्यक्ति के पैर पर दाव से भी वार किया। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत देवीपुरा पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने आठ नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रेम नगर निवासी कल्पना ने पुलिस को बताया कि ब्रह्मो, कुलदीप, सुभाष, मोहित, काशी, सुदेश, मांगे व पुष्पा उनके साथ पहले से ही रंजिश रखते आ रहे हैं। आरोप है कि 7 जनवरी को सुदेश, पुष्पा, मांगे व ब्रह्मो ने उनके घर में घुसकर उसके साथ झगड़ा किया। जब उसके पति राजेंद्र उर्फ राजू ने छुड़वाने की कोशिश की तो काशी व मोहित ने उसके पैर पर दाव से वार कर दिया। इसके बाद दाव को लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले भी आरोपी उनके साथ मारपीट कर चुके हैं। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।