सोनीपत। शहर के कबीरपुर में कमरे के अंदर मृत मिले बुजुर्ग की नौ चोट मारकर हत्या की गई थी। बुजुर्ग की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा हुआ है। जिस पर पुलिस ने बेटे के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब हमलावरों के बारे पता लगाने में जुट गई है।
कबीरपुर निवासी चांदराम (60) प्लाट के अंदर बने कमरे सो रहे थे। सोमवार सुबह जब उनकी पुत्रवधू सुशीला उन्हें चाय देने गई थी तो वह चारपाई से नीचे गिरे मिले थे। उन्होंने अपने पति मनजीत को अवगत कराया था। मनजीत ने मौके पर जाकर देखा था तो चांदराम की मौत हो चुकी थी। मनजीत ने पड़ोस के लोगों को बुलाकर पिता के शव को घर ले आए थे। उन्होंने घर लेकर आने के बाद देखा था कि उनके पिता के सिर, नाक व अन्य हिस्सों पर चोट लगी थी। आसपास के लोगों के कहने पर उसने चौकीदार को अवगत कराकर पुलिस को सूचित कराया था। जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था। मनजीत ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की थी। अब चिकित्सक से मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के कारण बुजुर्ग की मौत होने की पुष्टि हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने राय दी है कि सिर में लगी चोट मौत का कारण है। इसके साथ ही शरीर चोट के नौ निशान होने की बात कही है। जिस पर पुलिस ने मनजीत के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
----------
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसमें मौत का कारण सिर की चोट बताई गई है। जिस पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि रात को बुजुर्ग के पास कौन गया था। किसी से झगड़ा होने के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
इंस्पेक्टर कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत