हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ
- फोटो : Amar Ujala
सोनीपत जिले के राई गांव कुमासपुर-नांदनौर रोड पर मेहंदीपुर के डेयरी संचालक राकेश उर्फ फुलकवार की हत्या के सनसनीखेज खुलासे के बाद मामले में फरार तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी मेहंदीपुर का रहने वाला नरेंद्र है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। मामले में षड्यंत्र के आरोप में गिरफ्तार राकेश की पत्नी बीना व नरेंद्र में अक्सर बातचीत होती थी। मामले में आरोपी अहम खुलासे कर सकता है।
गांव कुमासपुर-नांदनौर रोड पर 26 दिसंबर, 2021 को सुबह एक जली हुई कार में व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला था। शव की पहचान गांव मेहंदीपुर के राकेश उर्फ फुलकंवार के रूप में हुई थी। वह गांव में ही दूध की डेयरी चलाता था। वह 25 दिसंबर, 2021 की शाम को मुरथल में एक शादी समारोह में शामिल होने अपनी आई-20 कार से गया था। पुलिस ने पहले इस मामले में हादसे का मुकदमा दर्ज किया था। बाद में पुलिस जांच में सामने आया था कि मुरथल में शादी समारोह में राकेश के साथ तीन अन्य युवक भी थे। इनमें शराब पीने के बाद कहासुनी हुई थी। बाद में चारों राकेश की ससुराल नाहरी जाने के लिए निकले थे। पुलिस को पता लगा कि डीजे पर डांस करने को लेकर राकेश का उसके दोस्तों से विवाद भी हुआ था। जिस पर पुलिस ने मामले में राकेश के दोस्त मुरथल निवासी देवेंद्र व मयूर विहार निवासी अंजीत को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया तो उन्होंने ब्लाइंड मर्डर से पर्दा उठाया था। उन्होंने रिमांड के दौरान पूछताछ में राकेश की पत्नी बीना की संलिप्तता की जानकारी दी थी। पुलिस ने बीना को भी गिरफ्तार कर लिया था। उस पर षड्यंत्र रचने का आरोप है। जांच में पता लगा था कि मामले में तीसरा आरोपी नरेंद्र फरार है। वह बीना के संपर्क में थे। नरेंद्र व बीना को राकेश ने एक साथ भी देख लिया था। बीना के पति राकेश की नरेंद्र से गहरी दोस्ती थी। वह अक्सर उनके घर आता था। यहीं पर बीना व नरेंद्र के बीच बातचीत शुरू हो गई थी। अब पुलिस ने नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को दोपहर बाद अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। उससे पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगने के साथ ही हत्या के असल कारणों का भी पर्दा लग सकता है।
---------
डेयरी संचालक की हत्या के मामले में नरेंद्र मुख्य आरोपी था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उससे मामले में ठोस सबूत जुटाए जाएंगे।
इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई