सोनीपत। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली में वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया है। दिल्ली में बिना पास प्रवेश की अनुमति नहीं है। जिस कारण इस रूट पर चलने वाली बसों में सवारियों का टोटा बना हुआ है। वहीं दूसरी तरफ दो दिन से जारी बारिश के कारण बस अड्डे पर पहुंचने वाली सवारियों में भी करीब 50 फीसदी तक की कमी आई है। यही कारण है कि दिल्ली के साथ ही अन्य रूटों पर भी सवारियों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा बेहद कम रही। सवारियां न होने के कारण कई रूटों पर बसें ही नहीं चलीं तो कुछ रूटों पर बसों के फेरे कम कर दिए गए।
हालांकि रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में वीकेंड लॉकडाउन और रविवार पर अवकाश होने के कारण यात्रियों की संख्या में कमी आई है। बारिश के कारण अन्य रूटों पर भी यात्रियों की संख्या कम रही। अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली रूट पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से यात्री संख्या कम होने के बावजूद हर आधे घंटे में बसों को रवाना किया गया। दिल्ली में वीकेंड लॉडडाउन का ही कारण है कि सुबह दिल्ली से आने वाली बस में महज 900 रुपये की ही टिकटें बिकी। सोमवार से यात्री संख्या बढ़ने की उम्मीद है।